चंडीगढ़। नेट, पीएचडी कर चुके युवाओं को यूजीसी के पोर्टल के जरिए नौकरी मिल सकेंगी। इसके लिए यूजीसी ने एक पोर्टल बनाया है, जिस पर रिक्तियों की जानकारी सभी शिक्षण संस्थान अपलोड कर सकेंगे।
नेट व पीएचडी कर चुके व कर रहे विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यूजीसी ने यह पोर्टल बनाया है। इस पोर्टल पर विद्यार्थी अपना पंजीकरण कर सकेंगे और उसके बाद नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे। रिक्तियों की जानकारी तो पहले भी युवाओं को कहीं न कहीं से मिल जाती थी, लेकिन अब एक मंच के नीचे सभी जानकारी उपलब्ध होंगी। इसके लिए अधिक छानबीन करने की युवाओं को आवश्यकता नहीं होगी। विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। पोर्टल से संबंधित आदेश यूजीसी के सचिव प्रो. रजनीश जैन ने जारी किए हैं। मालूम हो कि पंजाब विश्वविद्यालय व इससे संबद्ध कॉलेजों से हर साल 1500 से अधिक विद्यार्थी पीएचडी करके बाहर निकलते हैं। उसके बाद यह नौकरी के लिए आवेदन करते हैं।