इंडिया टुडे ग्रुप और सी वोटर सर्वे में आप के खाते में चंडीगढ़ की सीट मिलने के बाद सिटी ब्यूटीफुल के संभावित उम्मीदवारों में उत्साह बढ़ गया है।
उन्होंने अपनी नई रणनीति पर मजबूती के साथ काम करना शुरू कर दिया है। वालंटियर भी जोश में आ गए हैं। वे खुश हैं कि उनकी मेहनत का असर दिखने लगा है। वे अब और तेजी से अपने अभियान में जुटेंगे ताकि वे अपने सपने को साकार कर सके।
हालांकि अब तक यह तय नहीं हो पाया कि यहां से किसको टिकट मिलेगी। 10-12 ऐसे चेहरे हैं, जो अब तक सामने आए हैं।
इनमें एडवोकेट, डाक्टर, आईटी विशेषज्ञ, आर्मी के अफसर और समाजसेवी शामिल हैं। सभी मजबूत दावेदार हैं और सभी के बीच जंग छिड़ी हुई है।
आप से जुड़े सूत्र दावा कर रहे हैं कि इनमें से कई लोग दिल्ली के आप नेताओं से भी संपर्क में हैं। खबर यहां तक है कि कुछ विपक्षी पार्टियों के सदस्य भी लगातार संपर्क में हैं।
आप के सक्रिय कार्यकर्ता गुरजसजीत ने बताया कि टिकट उसी व्यक्ति को मिलना चाहिए जो ईमानदार हो, भ्रष्टाचार के खिलाफ कभी कोई स्टैंड लिया हो, शहर का जानकर हो और समाजसेवा के क्षेत्र से भी जुड़ा हो। यदि ऐसे व्यक्ति को टिकट मिलता है तो जीत की राह आसान बन जाएगी।