चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव से एक दिन पहले सोमवार को छात्र संगठन सोई ने पुसू को अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य तीन पदों उपाध्यक्ष, जनरल सेक्रेटरी और ज्वॉइंट सेक्रेटरी पर समर्थन दिया है। चूंकि छात्र संगठन सोई इस बार सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा है इसलिए उसकी टीम ने आपसी सहमति से अन्य तीन पदों के लिए छात्र संगठन पुसू को समर्थन देने का फैसला लिया है।
पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष और सोई नेता चेतन चौधरी ने बताया कि संगठन का अन्य किसी छात्र संगठन के लिए अन्य पदों पर गठबंधन नहीं हुआ था इसलिए पुसू का एक छात्रों का संगठन होने के नाते सोई की तरफ से अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य तीन पदों पर समर्थन देने का फैसला हुआ है। उन्होंने कहा कि पुसू किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ नहीं है और यूनिवर्सिटी में छात्रों के लिए काम करने वाले छात्रों के संगठनों का प्रदर्शन बेहतर होना चाहिए। पीयू पुसू के अध्यक्ष रविंदर सिंह नथेहा ने बताया कि सोई की तरफ से अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य तीन पदों पर अपना समर्थन दिया है, हम मिलकर छात्रों की बेहतरी के लिए काम करेंगे।