सुपर -100 के पहले चरण की परीक्षा आज राज्यभर में होगी। इसके पुख्ता प्रबंधों को लेकर राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सत्र 2023- 25 में सुपर 100 विद्यार्थियों के चयन के पहले चरण सरकारी स्कूलों के 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले लगभग 35,272 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। वहीं सुपर 100 की परीक्षा को सुचारू ढंग से करने के लिए 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अधिकतम 500 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारी अपने जिला के डीएसएस को नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया है। इस परीक्षा का आयोजन बोर्ड द्वारा निर्धारित नियमों के होगा। विद्यार्थी परीक्षा के आरंभ होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए पत्र में यह भी कहा गया है कि सुपर 100 की परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद अवकाश रहेगा। अध्यापक तथा अन्य स्टाफ बाकी दिनों की भांति विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। परीक्षा दोपहर एक से तीन बजे तक चलेगी।
पहले चरण उत्तीर्ण विद्यार्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा के लिए चयनित किया जाएगा। दूसरे चरण की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को रेवाड़ी स्थित विकल्प फाउंडेशन द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। पहले और दूसरे चरण में प्राप्त अंकों के आधार पर पात्रता बनाई जाएगी, जिसके आधार पर विद्यार्थी का चयन सुपर 100 में किया जाएगा।