गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हार के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके सुनील जाखड़ का इस्तीफा फिलहाल पार्टी आलाकमान ने नामंजूर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आलाकमान से कहा है कि सुनील जाखड़ को ही प्रदेशाध्यक्ष बनाए रखा जाए।
दरअसल, जाखड़ ने अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सीधे ई-मेल के जरिए पार्टी आलाकमान को भेज दिया था। पता चला है कि इस फैसले को लेकर उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी कोई चर्चा नहीं की बल्कि इस्तीफा भेजने के बाद उन्हें जानकारी दी।
उधर, प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर दो दावेदारों- लाल सिंह और मनीष तिवारी के नाम भी सामने आए हैं। लाल सिंह पार्टी के सीनियर नेता हैं जबकि तिवारी की हाईकमान में अच्छी पैठ मानी जाती है। इसके बावजूद कैप्टन अमरिंदर सिंह की राय को आलाकमान ने न तो चुनाव के समय और न ही उसके बाद अनदेखा किया है।