बिना तथ्यों के बात करना प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को शोभा नहीं देता। प्रधानमंत्री के एक-एक शब्द बेहद मायने रखता है लेकिन रविवार को रामलीला मैदान में पीएम के भाषण पर कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सवाल खड़े कर दिए है। डिटेंशन सेंटर तथा एनआरसी संबंधी भाजपा के दस्तावेज मीडिया के सामने पेश करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि जो झूठ बोल रहा है, उस पर प्रधानमंत्री को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को गुमराह करना सही नहीं है।
सुनील जाखड़ ने एनआरसी और डिटेंशन सेंटर संबंधी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की ओर से राज्यसभा में सांसद शशिकला पुष्पा राज्यस्वामी को दिए जवाब और भाजपा पंजाब के घोषणापत्र को दिखाते हुए तथ्य मीडिया के सामने पेश किए। जाखड़ ने कहा कि झूठ कौन बोल रहा है यह प्रधानमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए।
झूठ बोलने वाले मंत्री को सुबह ही डिस्मिस किया जाए और देश में खौफ का माहौल पैदा करने पर कार्रवाई की जाए। जाखड़ ने कहा कि देश में आग लगी है और प्रधानमंत्री विपक्ष पर इसका ठीकरा फोड़ रहे हैं जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोगों को गुमराह न किया जाए ।
जाखड़ ने कहा कि नोटबंदी हुई तो कोई आवाज नहीं उठी सब लोग लाइनों में लग गए। लेकिन नौजवानों ने आशा की नई किरण जगाई है और सच का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब का करीब डेढ़ लाख नौजवान हर साल मुल्क छोड़ जा रहा है। रोजगार, महंगाई इत्यादि कई मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
विरोध के सवाल को टाल गए कांग्रेस प्रधान
रवनीत सिंह बिट्टू की ओर से मनप्रीत बादल सहित अन्य सरकार के नुमाइंदों पर उठाए जा रहे सवालों पर जाखड़ ने कहा कि इस वक्त सबसे बड़ा मसला केंद्र की लोकविरोधी नीतियां है, जिसके खिलाफ सभी एकजुट होकर लड़ रहे हैं। उन्होंने सांसद सनी देओल पर कोई भी टिप्पणी नहीं कीं। उन्होंने कहा कि उनका क्या कसूर है। केंद्र की नीतियों ने वैसे ही देश का दिवाला निकाल दिया है। पैसे होंगे तो वह कुछ कराएंगे रिजर्व बैंक को खाली कर दिया गया है।