नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पक्ष में बोलते हुए पूर्व सीएलपी सुनील जाखड़ ने बीजेपी पर तीखा वार किया। लीडर सुनील जाखड़ ने कहा है कि भाजपा असहमति और विपक्ष की आवाज दबाने को सियासी आतंकवाद अपना रही है।
कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बचाव करते हुए जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। जो सत्ता संभालने के 18 महीने बाद भी कुछ करने में नाकाम रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों के बीच जाकर भाजपा के दुष्प्रचार का खुलासा करेगी। कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जाखड़ ने कहा कि भाजपा की सोच तानाशाही है, जो न सिर्फ कांग्रेस, बल्कि सभी विरोधियों का खात्मा करने का दावा कर रही है। जैसे भाजपा नेता कह रहे हैं कि वे कांग्रेस मुक्त भारत चाहते हैं, लेकिन वे कभी अपनी इस सोच में कामयाब नहीं हो सकेंगे।
1977 में इन्होंने इंदिरा गांधी के साथ यही करने की कोशिश की थी और असफल रहे थे। अब सोनिया और राहुल के साथ करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिर असफल रहेंगे। नेशनल हेराल्ड केस पूरी तरह राजनीतिक द्वेष पर आधारित है। इसे ईडी ने कोई आधार न मिलने के कारण बंद कर दिया था, लेकिन भाजपा ने केस बंद करने वाले ईडी के डायरेक्टर को हटा दिया और दोबारा केस खोल दिया।
अगर भाजपा का दावा है कि उसका इस केस से कोई लेना-देना नहीं है तो सुब्रह्मण्यम स्वामी के अदालत जाने और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग का क्या आधार है।
भाजपा ने स्वामी को दिया इनाम
सुनील जाखड़ ने कहा कि भाजपा ने स्वामी को इसका इनाम दिया है, हाल ही में उन्हें वह आलीशान बंगला अलॉट किया गया है, जो सिर्फ मंत्रियों को होता है। जाखड़ ने दलील दी कि एसोसिएटेड जनरल्स लिमिटेड से यंग इंडियंस को शेयर ट्रांसफर करने का मकसद नेशनल हेराल्ड को दोबारा जीवित करना था।
जायदादों की बात करें तो एक पैसा भी किसी ने किसी को ट्रांसफर नहीं किया। भारतीय चुनाव आयोग ने इसी एजीएल को 90 करोड़ का लोन देने के मामले में स्वामी द्वारा कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को रद्द कर दिया था। आयोग ने कहा था कि सियासी पार्टियां अपनी जरूरत के मुताबिक पैसों का इस्तेमाल करने को आजाद है।
भाजपा ने भी अपने दो अखबारों में पैसा लगाया है और लगे पैसे को बिजनेस घाटा बताया है। स्वामी वही सवाल अपनी पार्टी से क्यों नहीं पूछते। संपत्तियों के सवाल पर जाखड़ ने स्पष्ट किया कि वे एजेएल के नाम पर थीं और रहेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों के बीच जाकर भाजपा के झूठ का खुलासा करेगी। इस मुहिम की शुरुआत शनिवार को मोहाली से की गई है। इस मौके पर विधायक जगमोहन कंग व बलबीर सिद्धू और लाली मजीठिया भी मौजूद थे।