चंडीगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सोमवार को आधिकारिक रूप से स्कूलों को पत्र जारी कर गर्मियों की छुट्टियों को अगले आदेशों तक बढ़ा दिया गया है। इन छुट्टियों के बदले स्कूलों में दूसरे शनिवार को होने वाली छुट्टी इस सत्र में नहीं दी जाएगी।
शिक्षा विभाग की ओर से पहले जारी निर्देश के अनुसार शहर के सरकारी स्कूलों और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में आठ मई से आठ जून तक एक माह का ग्रीष्मावकाश किया गया था।
स्कूल प्रमुखों ने बताया कि बोर्ड की कक्षाओं दसवीं और बारहवीं की सेंट्रलाइज्ड कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। गर्मियों की छुट्टी के चलते अभी विद्यार्थियों को एक दिन में एक विषय के रिकार्डेड लेक्चर और पाठन सामग्री भेजी जाती है, जिससे छुट्टियों के समय में भी विद्यार्थी थोड़ा अपने पाठ्यक्रम से जुड़े रहे। ग्रीष्मावकाश के पत्र में लिखा गया था कि सरकारी स्कूलों में दाखिला, मिड-डे मील और बोर्ड कक्षा का परीक्षा परिणाम बनाने में लगे शिक्षकों को स्कूल आना होगा। इस बार भी परीक्षा से संबंधित कार्यों या अन्य कार्यों के लिए स्कूल प्रमुख के बुलाने पर शिक्षकों को स्कूल आना पड़ सकता है। इस दौरान चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जिन शिक्षकों को कोरोना का काम दिया जाएगा, उन्हें भी ड्यूटी पर जाना होगा।