शिअद की चुनौती, गलत काम का सबूत हो तो कार्रवाई करे सरकार
कहा, धालीवाल के आरोप में रत्ती भर सच्चाई नहीं
नियमों के अनुसार हुआ सुखविलास का निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शिरोमणी अकाली दल (शिअद) ने कहा है कि अगर आम आदमी पार्टी (आप) के पास सुखविलास प्रोजेक्ट में किसी भी गलत काम का कोई ठोस सबूत है तो वह उसके लिए कार्रवाई करे। पार्टी ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने सभी मोर्चों पर विफलता से ध्यान हटाने के लिए यह मुददा उठाया है।
शिअद के वरिष्ठ प्रवक्ता महेशइंदर सिंह ग्रेवाल ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के बयान को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि मंत्री द्वारा फैलाए जा रहे झूठ में रत्ती भर सच्चाई नहीं है, क्योंकि प्रोजेक्ट ने देश के किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया और न ही इसके निर्माण प्रक्रिया में कोई अवैध कार्य किया गया है। ग्रेवाल ने कहा कि आप सरकार दुष्प्रचार अभियान का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस सरकार ने इस मुद्दे को उठाकर राजनीतिक लाभ लेने के लिए पांच साल ऐसा ही किया, लेकिन अपने किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि अब आप सरकार भी कांग्रेस सरकार के नक्शे कदम पर चल रही है। ग्रामीण विकास मंत्री यहां तक अजीबोगरीब आरोप लगा रहे हैं कि जिस जमीन पर प्रोजेक्ट का निर्माण किया गया, वह जांच के दायरे में है। ग्रेवाल ने कहा कि आने वाले समय में साबित हो जाएगा कि यह सिर्फ उनकी कल्पना की उपज है।
उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि जिस जमीन पर सुखविलास है, वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की पुरानी संपत्ति है। यह जंगल से सटी होने के कारण इसे ब्रिटिशकाल के कानूनों के तहत कवर किया गया था। उन्होंने कहा कि पंजाब भूमि सरंक्षण अधिनियम के सेक्शन 4 ग्रीन बेल्ट बनाने के लिए समान मात्रा में जमीन हरित पट्टी के निर्माण के लिए अनुमति दी जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने के लिए वन विभाग से अनुमति ली गई थी। उन्होंने कहा कि सुखविलास समतल की हुई उस जमीन पर खड़ा है, जो प्रकाश सिंह बादल के पहले के खेत का हिस्सा था।