पूर्व उप-मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी एक मजबूत प्रधानमंत्री हैं, यही कारण है कि महज 48 घंटों में विंग कमांडर अभिनंदन वापस आ रहे हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी बधाई के पात्र हैं। सुखबीर शुक्रवार को जिला फतेहगढ़ साहिब के हल्का बस्सी पठाना में पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक लेने पहुंचे थे।
इस दौरान सुखबीर ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान दोगली नीति के तहत काम करते हैं। वह कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। अगर वह अब भारत से शांति की बात करते हैं तो यह उनका डर है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के ऐसे हालातों में भी अपनी बैठकों को रद्द न करने के सवाल पर सुखबीर ने कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री हैं उन्हें अपना काम करना ही पड़ेगा।
सुखबीर ने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शिअद द्वारा पंजाब के 117 विधानसभा हलकों में कार्यकर्ताओं की बैठकों का सिलसिला शुरू किया गया है। जिसके तहत वह रोज दो हलकों में पार्टी नेताओं और वर्करों से बैठक कर उनकी मुश्किलें सुनकर जरूरी सुझाव भी ले रहे हैं।
वहीं गुरुवार को राजिंदरा अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही नर्सों द्वारा आत्महत्या करने की कोशिश पर सुखबीर ने कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने हलके में मुलाजिमों की दुर्दशा करवा रहा है, वह मुख्यमंत्री रहने के काबिल नहीं। हरसिमरत कौर बादल द्वारा बठिंडा सीट से दोबारा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी का होगा।