उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने एक अकाली नेता के घर में जिले के चारों विधायकों से बंद कमरा मीटिंग की। उन्होंने हलका विधायकों को मिले हलके के बारे में स्थिति का जायजा लिया। पहले जत्थेदार तोता सिंह के घर सुखबीर के लिए प्रबंध किया गया था और सुबह से ही वहां पुलिस तैनात की हुई थी लेकिन ऐन मौके पर वह एक ओर अकाली नेता के घर में मीटिंग कर चले गए। मीटिंग से मीडिया को भी दूर रखा गया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इस दौरान विधायकों को अपने हलके में जोरदार काम करने की हिदायतें दीं गईं। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मोगा से विधायक जोगिंदर पाल जैन से किसी ओर नेता को हलके में भेजने की राय जानी तो जैन ने न कर दी और हलके से वोट बढ़ाने का भरोसा दिया।
जैन ने इस बात की पुष्टि करते कहा कि हलके में वह विधायक हैं और वह अकेले ही अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। मीटिंग में आम आदमी पार्टी के उभार पर भी चर्चा की गई।
डिप्टी सीएम ने इस मौके पर विधानसभा धर्मकोट से विधायक जत्थेदार तोता सिंह, मोगा के विधायक जोगिंदर पाल जैन, बाघापुराना के विधायक महेश इंद्र सिंह, निहाल सिंह वाला की विधायक राजविंदर कौर भागीके के अलावा फरीदकोट से पार्टी उम्मीदवार बीबी परमजीत कौर गुलशन और तीर्थ सिंह माहला प्रधान जिला अकाली दल के अलावा किसी और नेता से मीटिंग नहीं की।
उप मुख्य मंत्री सुखबीर सिंह बादल ने गांव धल्लेके में हेलीपेड पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की हवा नहीं, मोदी की लहर चल रही है और पंजाब की सभी 13 सीटों पर अकाली-भाजपा जीतेंगे। उन्होंने कहा कि अमृतसर की सीट हर हालत में जीत ली जाएगी और केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।