केंद्र में शिरोमणि अकाली दल का भले ही भाजपा से गठबंधन हो लेकिन वह हरियाणा में खुलकर इनेलो के समर्थन में आ गया है। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को यहां कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व शिरोमणि अकाली दल के नेता हरियाणा में घर-घर जाकर इनेलो के लिए वोट की अपील करेंगे।
इनेलो व अकाली दल कोई दो पार्टियां नहीं, बल्कि एक ही परिवार है। वह यहां कालांवाली में शिअद उम्मीदवार बलकौर सिंह के चुनावी कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सत्ता आने पर कालांवाली को पंजाब के लंबी हलके की तर्ज पर विकसित किया जाएगा और कालांवाली क्षेत्र में किसी किस्म की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गांधी परिवार की कठपुतली बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व निर्णय शक्ति का अभाव है और वे भी गांधी परिवार से पूर्व अनुमति के बिना सांस तक नहीं ले सकता।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद बलविंद्र सिंह भुंदड़ ,पंजाब के सिचांई मंत्री जनमेजा सिंह सेखों, विधायक गुरतेज सिंह बलूआना, विधायक दर्शन सिंह कोटफत्ता, बठिंडा के विधायक सरूप सिंगला, मानसा के विधायक प्रेम मित्तल, सांसद परमजीत कौर गुलशन, विधायक महेश इंद्र, दीप मलहोत्रा, बुडलाढ़ा के विधायक चेतन सिंह समाओं, कोटभाई के विधायक हरप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह गदराना, प्रदीप जैन, लवलीन जैन, केवल मोंगा, जसविंद्र बिंदू, भरपूर गदराना आदि मौजूद रहे।
काले झंडे लेकर खडे़ ही रह गए
पंजाब के उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के सोमवार को कालांवाली आगमन पर संत बलजीत सिंह दादूवाल के सर्मथकों द्वारा देसू रेलवे फाटक के पास काले झंडे दिखाने की सूचना मिलने पर सुखबीर बादल ने अपना मार्ग बदल लिया। संत दादूवाल के सर्मथक हाथों में झंडे लिए खडे़ रह गए।
कालांवाली से शिरोमणि अकाली दल बादल व इनेलो के संयुक्त प्रत्याशी बलकौर सिंह कालांवाली के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए पंजाब के उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को वाया गांव कनकवाल, देसू मलकाना होकर कालांवाली पहुंचना था।
काले झंडे दिखाने के लिए संत दादूवाल के सर्मथक देसू फाटक पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने दादूवाल सर्मथकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अडे रहे। ऐन मौके पर सुखबीर सिंह बादल का मार्ग बदला गया।