शुगर के मरीजों को दी जाने वाली दवा सेमाग्लुटाइड डायबिटीज के साथ फैटी लिवर के इलाज में भी बेहद कारगर है। फैटी लिवर से पीड़ित शुगर के मरीजों को इसकी एक गोली 6 महीने से एक साल तक प्रतिदिन दिए जाने पर चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं।
पीजीआई के इंडोक्रोनोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों की ओर से ऐसे मरीजों पर किए गए शोध से यह साबित हुआ है कि शुगर में कारगर साबित होने वाली यह दवा फैटी लिवर को नियंत्रित करने में भी बेहद सहायक है।
विभाग के प्रमुख प्रो. संजय भडाडा ने बताया कि डायबिटीज के करीब 60 से 70 फीसदी मरीजों में फैटी लिवर होने का खतरा बना रहता है क्योंकि मोटापे के साथ शुगर का होना इसके खतरे को उत्पन्न करता है।
इन मरीजों का अगर समय रहते इलाज न किया गया तो लिवर फेल होने का खतरा बढ़ जाता है। इन मरीजों को बेहतर इलाज दिलाने के उद्देश्य से शोध करने का निर्णय लिया गया। शुगर के साथ फैटी लिवर से ग्रस्त 40 मरीजों को सेमाग्लुटाइड दवा की एक टैबलेट रोज 6 माह से एक साल तक तक दी गई। शोध में शामिल मरीजों में से 90 फीसदी में परिणाम बेहद सकारात्मक रहे।
एक साल के दौरान मरीज में 15 प्रतिशत तक वजन कम हुआ। इसके साथ ही 15 से 20 प्रतिशत में लिवर में जमा फैट भी कम पाया गया। प्रो. भडाडा ने बताया कि यह दवा मल्टीफैक्टोरियल परिणाम देने वाली है। इस शोध से यह साबित हो गया है कि यह दवा फैटी लिवर को नियंत्रित करने के साथ ही वजन को कम करने में भी बेहद कारगर है।