यूं ही नहीं मिलती राही को मंजिल, एक जुनून सा दिल में जगाना होता है/ पूछा चिड़िया से कैसे बना आशियाना/ बोली! भरनी पड़ती है उड़ान बार-बार, तिनका-तिनका उठाना होता है... दिल में कुछ कर गुजरने का जुनून हो तो कोई काम नामुमकिन नहीं। कुछ ऐसा की कर दिखाया है हेल्थ डिपार्टमेंट के ड्रग इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने।
जसवीर अपने काम के साथ बॉडी बिल्डिंग का भी पैशन रखते हैं। इस क्षेत्र में जसवीर ने कई पदक भी अपने नाम किए हैं। जसवीर के साथी कहते हैं उनको बॉडी बिल्डिंग का नशा हो गया है। 34 साल के जसवीर अपनी नौकरी के साथ ही अपने पैशन को भी पूरी ईमानदारी से समय देते हैं।
वर्ष 2016 में चंडीगढ़ बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप जसवीर दूसरे स्थान पर रहे थे। बस यहीं से उन्होंने ठान लिया कि अब खिताब जीतना है। अपने आप से किए इस वादे को निभाते हुए जसवीर ने चंडीगढ़ बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का वर्ष 2017 और 2018 का खिताब अपने नाम किया।
साइंस और भंगड़ा में रहते थे अव्वल
मूल रूप से पंजाब निवासी जसवीर सिंह स्कूल टाइम में साइंस कॉम्पटीशन में तो सबसे आगे रहते ही थे, साथ में भंगड़ा पाने में भी जसवीर का कोई जवाब नहीं था। जसवीर काकहना है आजकल युवाओं की प्राथमिकता स्टायलिश सेविंग, बाल और कपड़ों की रहती है, लेकिन उनकी प्राथमिकता जिम होती है। उसके बाद कपड़े और अन्य साज सज्जा का नंबर आता है।