केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौर, क्रिकेटर विराट कोहली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिटनेस चैलेंज को फॉलो करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने नहर में नहाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। नहर में छलांग लगाना और नहाना अपराध की श्रेणी में आता है।
ऐसे में वीडियो सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर आते ही इस पर विवाद शुरू हो गया है। ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ चैलेंज को स्वीकार करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने नहर में छलांग लगाने और नहाने का एक वीडियो सोमवार दोपहर 1:00 बजे ट्विटर और फेसबुक पर पोस्ट किया।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और बीजेपी प्रभारी डॉ. अनिल जैन को टैग किया है। 35 सेकेंड के इस वीडियो के साथ ही उन्होंने लिखा है कि, ‘स्वस्थ शरीर पवित्र विचार देता है और पवित्र विचार सुदृढ़ देश का निर्माण करते हैं। हम फिट तो इंडिया फिट।’
ट्विटर पर इसे मंगलवार रात 10 बजे तक 271 लोगों ने देखा। 90 लोगों ने लाइक किया और 20 लोगों ने रीट्वीट किया। फेसबुक पर इसे 14,453 लोगों ने देखा और 654 लोगों ने लाइक किया है।
अब इस फिटनेस चैलेंज वीडियो पर विवाद शुरू हो गया है। कई लोगों ने इस वीडियो के संबंध में कहा है कि प्रदेश में आए दिन नहर में नहाते समय युवकों के डूबने की खबर आ रही है। ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने ऐसा वीडियो पोस्ट कर गलत उदाहरण पेश किया है।
बोले बराला
मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि यह हरियाणा में गांव देहात का एक साधारण सा कल्चर है।
- सुभाष बराला, अध्यक्ष हरियाणा भाजपा
नहर में कूदना और नहाना गैर कानूनी
नहर में कूदना और नहाना दोनों गैर कानूनी हैं। किसी भी सामान्य परिस्थिति में नहर में कूदने की अनुमति नहीं दी जाती है और बिना बताये कूदना भी अपराध की श्रेणी में आता है।
- भूप सिंह, कार्यकारी अभियंता, सिंचाई विभाग टोहाना।