चंडीगढ़। हॉस्टलों में विद्यार्थियों को खाने की हो रही समस्या को हल करने के लिए पीयू प्रशासन छात्रों को एक या दो हॉस्टलों में शिफ्ट कर सकता है। अलग-अलग हॉस्टलों में छात्रों के रहने से मेस का संचालन नहीं हो पा रहा है। संचालकों को घाटा हो रहा है। साथ ही समय भी अधिक खर्च हो रहा है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात और शनिवार को खाना न मिलने के कारण पीयू के ब्वॉयज हॉस्टल नंबर- 3 के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर वीसी आवास का घेराव किया था। इस हॉस्टल से 10 से 12 स्टूडेंट रह रहे हैं। इनके लिए मेस का संचालन करना आसान नहीं है। पीयू प्रशासन ने पहले भी योजना बनाई थी कि विद्यार्थियों को एक या दो हॉस्टल में शिफ्ट कर दें, लेकिन यह योजना परवान नहीं चढ़ पाई। पीयू के हॉस्टलों में लगभग 100 विद्यार्थी रह रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इन विद्यार्थियों को दो हॉस्टलों में रखा जा सकता है। साथ ही जिन छात्रों को पैसे की दिक्कतें आ रही हैं उनको पीयू कुछ रुपये भी दे सकती है। हालांकि इस पर निर्णय सोमवार को ही होगा। सोमवार तक पीयू ने खाने का बंदोबस्त सही नहीं किया तो छात्र फिर प्रदर्शन कर सकते हैं, इसलिए पीयू तैयारी में जुटी हुई है।