पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस मार्केट में पार्किंग की जगह बढ़ाने के विरोध में करीब एक हफ्ते से चल रहा गतिरोध सोमवार शाम समाप्त हो गया। पीयू प्रशासन ने भूख हड़ताल पर बैठे बीएड के छात्र मनदीप पुनिया की मांगें मान ली और डीएसडब्ल्यू ने छात्र का अनशन खत्म करवाया।
सोमवार को एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया) ने मार्केट में पार्किंग की जगह बढ़ाने के फैसले के विरोध में गेट नंबर-2 को बंद कर दिया। बाहर से आने वाली गाड़ियों को रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक विद्यार्थियों ने पीयू प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद पीयू डीएसडब्ल्यू प्रो. नवदीप गोयल और चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर डॉ. जितेंद्र ग्रोवर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत करने पहुंचे। काफी बहस के बाद पीयू प्रशासन ने विद्यार्थियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
एनएसयूआई छात्र नेता मनोज लुबाना के अनुसार मार्केट पर बनने वाले सिर्फ 40 फीसदी जगह पर ही टू व्हीलर वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। पीयू प्रशासन ने भविष्य में कैंपस के सभी पेड़ों की गिनती कराने का भी फैसला लिया है।
कैंपस में किसी भी तरह की एक्सटेंशन को लेकर लिए जाने वाले फैसलों में स्टूडेंट काउंसिल सदस्यों को भी कमेटी में शामिल किया जाएगा। डीएसडब्ल्यू प्रो. नवदीप गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि भूख हड़ताल पर बैठे छात्र मनदीप पुनिया को कई बार तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल भी ले जाना पड़ा था।