पंजाब यूनिवर्सिटी में रोष मार्च निकालते विद्यार्थी।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में एसी जोशी पुस्तकालय बंद होने के बाद विद्यार्थियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तीसरे दिन शुक्रववार को विद्यार्थियों ने पुस्तकालय खोलने के साथ-साथ यूनिवर्सिटी खोलने को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान 200 से अधिक विद्यार्थियों ने मिलकर डीएसडब्ल्यू प्रो एसके तोमर का पुतला फूंका। विद्यार्थी यूनिवर्सिटी प्रशासन से लगातार विद्यार्थियों के लिए विभाग की पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं और ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करवाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने पीयू वीसी, डीएसडब्ल्यू मुर्दाबाद के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को रोषस्वरूप डीएसडब्ल्यू प्रो एसके तोमर का पुतला बनाया और अपनी मांगों को नाटक के जरिए पेश किया। विद्यार्थियों ने एसी जोशी लाइब्रेरी से पीयू मार्केट होते हुए सेक्टर- 25 में डीएसडब्ल्यू के घर तक प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। डीएसडब्ल्यू के घर सामने जाकर उन्होंने पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से डीयूआई और डीएसडब्ल्यू ने मुलाकात की। विद्यार्थियों ने बताया मुलाकात के दौरान कोई समाधान नहीं निकला। डीएसडब्ल्यू ने कहा कि 31 मार्च के बाद यूनिवर्सिटी खोलने पर विचार किया जाएगा।
लड़कियों के लिए वॉशरूम भी बंद
एसएफएस के संदीप ने बताया कि पीयू पुस्तकालय में लड़कियों के लिए वॉशरूम भी बंद कर रखे हैं। बहुत से विद्यार्थी लाइब्रेरी बंद होने के कारण बाहर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में लड़कियों को ज्यादा परेशानी आ रही है। यूनिवर्सिटी फीस लेने के बाद भी विद्यार्थियों को सभी सुविधाओं से वंचित रख रही है। ऑनलाइन में किताबें नहीं होने के कारण पहले ही विद्यार्थियों का एक साल खराब हो चुका है।