चंडीगढ़। ट्राइडेंट पीसीए क्रिकेट कप त्रिकोणीय चैलेंजर शृंखला के तीसरे निर्णायक फाइनल मुकाबले में पीसीए पंजाब इलेवन और रेस्ट ऑफ पंजाब रेड के बीच मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में भिड़ंत हुई। पीसीए पंजाब इलेवन ने इस मुकाबले को 12 रन से जीत दर्ज कर इस शृंखला को 2-1 से जीतकर ट्राइडेंट पीसीए क्रिकेट कप को अपने नाम किया।
मैच में पहले खेलते हुए पीसीए पंजाब क्रिकेट इलेवन की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 335 रन बनाए। प्रभजोत सिंह और अभिजीत ने शतक जड़े। प्रभजोत सिंह ने 158 रन तो अभिजीत ने 100 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज अभिनव ने 27 रन बनाए। गेंदबाजी में रेस्ट ऑफ पंजाब रेड से इकजोत सिंह ने 10 ओवर में 55 रन देकर तीन और परनित ने 10 ओवर में 63 रन देकर एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेस्ट ऑफ पंजाब रेड की पूरी टीम 49.4 ओवर में कुल 323 रन पर सिमट गई। टीम से विश्व प्रताप ने 74, गितांश ने 82 और सुमित ने 38 रन की पारी ख्ेाली। गेंदबाजी में पीसीए पंजाब इलेवन से गुरनूर बराड़ ने 9.4 ओवर में 60 रन देकर तीन, रमन ने 10 ओवर में 73 रन देकर एक, अभिनव ने 9 ओवर में 78 रन देकर दो, विनय चौधरी ने 10 ओवर में 27 रन देकर एक, गौरव चौधरी ने 7 ओवर में 44 रन देकर 1 विकेट चटकाया।