चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू के सदस्य और पीयूसीएससी के महासचिव अभिषेक डागर ने पुतला जलाकर शपथपत्र के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। उनकी तीसरे दिन भी भूख हड़ताल भी जारी रही। उन्होंने कहा कि इस शपथ पत्र में किसी भी विरोध प्रदर्शन में भाग लेने से पहले विश्वविद्यालय प्रशासन से पूर्व अनुमति लेने की अनिवार्यता बात कर रहा है। वहीं दूसरे धरने पर विद्यार्थियों ने एंटी एफिडेविट पोस्टर बनाए।
दोंनो धरनों के दौरान मांग एक ही थी कि यह शपथपत्र जब तक वापस नहीं हो जाता तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। धरने का सबसे भावनात्मक पल तब आया जब दृष्टिबाधित छात्रों ने मंच संभाला। उन्होंने कैंपस में आने वाली कठिनाइयों पर खुलकर बात की, जैसे कि सुगम शौचालयों की कमी, पुस्तकालय में सीमित पहुंच और सहायक उपकरणों की अनुपलब्धता वगैरह। कई बार उन्हें उपकरण इसलिए नहीं दिए जाते क्योंकि प्रशासन को डर होता है कि अगर खराब हो गए तो वह उन्हें ठीक नहीं कर पाएंगे। छात्रों ने इसे भेदभावपूर्ण रवैया बताया।