चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन में हत्या और दुष्कर्म मामलों की ट्रैकिंग, विस्फोट, बैलिस्टिक विश्लेषण और क्राइम सीन मैनेजमेंट पर एक विशेष डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किया गया।
डॉ. एलएस राणा ने अपराध जांच की प्रक्रिया, हत्या और दुष्कर्म मामलों की ट्रैकिंग के तरीकों और अपराध स्थल (क्राइम सीन) को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संभालने की विधियों पर सत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बैलिस्टिक विज्ञान, विस्फोट विश्लेषण और फोरेंसिक परीक्षण के सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि आधुनिक साक्ष्य-आधारित पुलिसिंग और आपराधिक न्याय प्रणाली में इनका क्या महत्व है।
सत्र के दौरान एक प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को क्राइम सीन मैनेजमेंट, सबूत संग्रह, दस्तावेजीकरण तकनीक और बैलिस्टिक परीक्षण की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। प्रतिभागियों को अपराध जांच के वैज्ञानिक तरीकों और फोरेंसिक तकनीकों के व्यावहारिक अनुप्रयोग का अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में डॉ. संजीव रंजन, डॉ. श्वेता बेगरा और डॉ. सतनाम सिंह सहित केंद्र के 45 विद्यार्थियों ने भागीदारी की।