छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया यूनिवर्सिटी और कॉलेज प्रशासन तय करेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि चुनाव किस प्रक्रिया के तहत कराए जाएंगे, इससे सरकार को अवगत कराएं। सरकार के चुनाव का तरीका अधिसूचना में न बताने पर छात्र संगठनों के लिए स्थिति साफ नहीं हुई है। चूंकि, संगठन प्रत्यक्ष चुनाव की मांग कर रहे हैं और सरकार अप्रत्यक्ष चुनाव का मन बना चुकी है। सीएम भी अप्रत्यक्ष चुनाव पर मुहर लगा चुके हैं।
इन यूनिवर्सिटी में होंगे चुनाव
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, एमडीयू रोहतक, चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां, चौधरी बंसी लाल यूनिवर्सिटी भिवानी, चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी जींद, इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी मीरपुर, जीजेयू हिसार, वाईएमसीए फरीदाबाद, दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी मुरथल, चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी हिसार, पंडित भगवत दयाल शर्मा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, रोहतक, स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ विजुअल एंड परफार्मिंग आर्ट रोहतक।
मनोनयन से हुआ चुनाव तो जड़ेंगे कॉलेज-यूनिवर्सिटी पर ताला : समिति
प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव संघर्ष समिति के चेयरमैन शाहनवाज हुसैन, सदस्य व इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला व एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव प्रदीप घनघस ने कहा कि सरकार ने चुनाव की अधिसूचना तो जारी कर दी, लेकिन सस्पेंस बरकरार रखा है। अगर चुनाव वोटिंग के बजाए नॉमिनेशन से हुए तो 12 अक्टूबर से कॉलेज और यूनिवर्सिटी पर ताला जड़ देंगे।