चंडीगढ़। एनएसयूआई ने बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी। संगठन ने यूआईसीईटी से पीएचडी शोधार्थी जतिन सिंह को मैदान में उतारा है। इस दौरान स्टूडेंट सेंटर पर एनएसयूआई की ओर से शक्ति प्रदर्शन भी किया गया। शक्ति प्रदर्शन में कई विभागों के विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान स्टूडेंट सेंटर पर अध्यक्ष सचिन गालव और इलेक्शन इंचार्ज हुसैन सुल्तानिया भी मौजूद रहे।
उम्मीदवार जतिन सिंह ने सभी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहा कि हर छात्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा। पिछले सात वर्ष से पीयू परिसर में छात्र हित के लिए कार्यरत हूं, पीयू से ही बीटेक और एमटेक कर वर्तमान में पीएचडी का शोधार्थी हूं। हर तरह के छात्रों की समस्या देखी है, इन समस्याओं को हल करवाना मेरा लक्ष्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि मेरा पहले नाता एबीवीपी से था, पिछले एक-डेढ़ साल से अधिक एक्टिव नहीं था, जब मणिपुर में महिलाओं के साथ दरिंदगी हुई तो हमने विरोध जताना चाहा, लेकिन हमें इसकी अनुमति नहीं दी गई। एनएसयूआई देश का लोकतांत्रिक संगठन है, यहां आपके विचारों को कैद नहीं किया जाता।
इस दौरान एनएसयूआई के अध्यक्ष सचिन गालव ने कहा कि संगठन की ओर से वीरवार को घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इस बार घोषणापत्र में छात्रों के बीच से मुद्दे उठाकर लाए हैं और विद्यार्थियों की हर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। मौके पर छात्र नेता सिकंदर बूरा, राहुल, करण रंधावा, मनीष बूरा, हर्षदीप बाठ, मनप्रीत माहल, निखिल नर्मेता, अमरपाल तूर, मुनिश्वर, पूनम ज्याणी आदि मौजूद रहे।