26 अगस्त को होने वाले छात्र संघ चुनाव के लिए आज पंजाब यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में नामांकन भरे जा रहे हैं।
पीयू डीएसडब्ल्यू प्रो.नवदीप गोयल की अगुवाई में गठित चुनाव कमेटी ने छात्र काउंसिल चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी छात्र नेताओं और चेयरपर्सन के साथ मीटिंग की।
पीयू द्वारा जारी चुनावी शेड्यूल के तहत सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक सभी विभागों में नामांकन भरा जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी कैंडीडेट को नामांकन के लिए विभाग में एंट्री नहीं दी जाएगी।
रिजल्ट नहीं आया तो भी कर सकते हैं नामांकन
अब तक जिन स्टूडेंट्स का रिजल्ट नहीं आया और चुनाव लड़ना चाहते हैं तो वे भी नामांकन कर सकते हैं। लेकिन उनके नामांकन को प्रोविजनल माना जाएगा। प्रोविजनल नामांकन के बाद स्टूडेंट को दो दिन का समय रिजल्ट के लिए दिया जाएगा। स्टूडेंट्स की मांग केबाद मंगलवार को डीएसडब्ल्यू ऑफिस ने यह फैसला लिया।
ये रहेगा नामांकन का शेड्यूल
19 अगस्त
9.30 से 10.30 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
10.31 बजे आवेदनों की जांच होगी।
12 बजे आवेदन करने वालों की लिस्ट नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी।
12.30 से 1.30 बजे तक आपत्ति दर्ज करवाई जा सकती है।
2.30 प्रोविजनल लिस्ट डीएसडब्ल्यू दफ्तर भेजी जाएगी।
नामांकन के लिए जरूरी हिदायतें
-नामांकन के लिए समय से 15 मिनट पहले विभाग में पहुंचें।
-विभाग का आई कार्ड और उसकी फोटो कापी साथ लेकर जाएं।
-10वीं,12वीं या ग्रेजुएशन की ओरिजिनल मार्क्स शीट साथ लेकर जाएं।
-कवरिंग कैंडीडेट को भी साथ लेकर जाएं।
-नामांकन में सभी डॉक्यूमेंट पूरे होने जरूरी हैं।
-आउटसाइडर लाने पर कैंडीडेट का नामांकन भी रद्द किया जा सकेगा।
पीयू में आईकार्ड से होगी एंट्री
पीयू प्रशासन ने चुनाव में किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए पूरे इंतजाम करने का दावा किया है। चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर डा.जितेंद्र ग्रोवर ने बताया कि 26 अगस्त तक सभी गेटों पर एंट्री सिर्फ आईकार्ड से होगी। स्टूडेंट्स को पीयू द्वारी जारी आईकार्ड दिखाने पर ही एंट्री दी जाएगी।