चंडीगढ़। शहर में कोरोना के मामले दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से मंडी में भी सख्ती शुरू हो गई है। शनिवार को मंडी में पंचकूला और मोहाली के वेंडरों को एंट्री नहीं दी गई। इससे मंडी में आढ़तियों का व्यापार हल्का ही रहा।
मार्केट कमेटी का कहना है कि हालात सामान्य होने के बाद ही मंडी प्रवेश में छूट मिल पाएगी। जानकारी के अनुसार संक्रमण के खतरे को देखते हुए सेक्टर-17 आईएसबीटी परिसर में अस्थायी रूप से सब्जी मंडी का संचालन किया जा रहा है। मंडी में प्रवेश के लिए नगर निगम और मार्केट कमेटी ने पास की व्यवस्था की गई है। शहर में कुछ दिनों से संक्रमण पर नियंत्रण के बाद मंडी प्रवेश में कमेटी नेकुछ ढील दी थी, लेकिन अब हालात फिर से खराब होने पर मंडी प्रवेश में कमेटी ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को मंडी प्रवेश को लेकर सख्ती का माहौल दिखा। चंडीगढ़ पुलिस और कमेटी कर्मचारियों ने पंचकूला और मोहाली के वेंडरों की एंट्री नहीं दी। इससे मंडी में कारोबार हल्का ही रहा। कमेटी के अधिकारियों ने बताया कि जब तक हालात सामान्य नहीं होंगे, तब तक प्रवेश को लेकर सख्ती ही रहेगी।