स्ट्रेस एक ऐसी अवस्था है, जिससे बचा नहीं जा सकता और यही कारण है कि तनाव किसी हद तक लाभकारी भी साबित होता है। स्ट्रेस परफारमेंस लेवल को ऊंचा उठाने के लिए प्रेरित करता है तथा प्रतिस्पर्धा में बनाए रखता है।
यह मानना है जाने माने इपलोयबिलिटी ट्रेनर मनिंदर सिंह मान का। ये बातें उन्होंने द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से सीए स्टूडेंट्स के लिए आयोजित ‘स्टूडेंट्स एंड स्ट्रेस मैनेजमेंट’ सत्र में कही।
सेक्टर-35 स्थित सीए भवन में आयोजित सेमिनार में करीब 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आईसीएआई चंडीगढ़ शाखा के चेयरमैन सीए जसवंत धवन ने बताया कि इस सत्र को आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा से पूर्व एक ऐसा लेवल प्रदान करवाना था, जहां विशेषज्ञों के समक्ष अपनी चुनौतियों को रखें और उनसे उनके निदान पाएं।
इस अवसर पर मान ने स्ट्रेस से निपटने के लिए कई सुझाव भी दिए। जैसे रोज सुबह वर्क आउट, हेल्दी लाइफस्टाइल की ओर जोर, पर्याप्त मात्रा में नींद लेना, सामाजिक रूप से जुड़े रहना, अपनी व्यक्तिगत समस्याओं के निदान के लिए अपने परिजन और मित्रों से परामर्श और खुश और व्यस्त रहने के नित नए विकल्पों की तलाश करना आदि शामिल थे।