हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने सक्षम हरियाणा प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर पानीपत जिले के मतलौडा ब्लॉक के छह शिक्षकों का वेतन रोक दिया है। खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी मतलौडा की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा निदेशालय को सोमवार को रिपोर्ट भेज दी है। इन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया है।
जवाब संतोषजनक न होने पर विभाग इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाएगा। साथ ही तब तक जनवरी महीने का वेतन भी रुका रहेगा। खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी मतलौडा की रिपोर्ट के अनुसार गर्ल्स प्राइमरी स्कूल अहमदपुर माजरा के पांचवीं कक्षा के शिक्षक सतबीर सिंह, सीनियर सेकेंडरी स्कूल वेसर के सातवीं कक्षा के गणित अध्यापक नरेंद्र कुमार, सीनियर सेकेंडरी स्कूल वेसर के सातवीं कक्षा के हिंदी अध्यापक विवेक, प्राइमरी स्कूल नया नारा के कक्षा तीसरी व पांचवीं के शिक्षक राजेश कुमार, प्राइमरी स्कूल शोदापुर के कक्षा पांचवीं के शिक्षक आदेश, मिडिल स्कूल अलूपुर के सातवीं कक्षा के हिंदी शिक्षक राममेहर पर आरोप है कि सक्षम हरियाणा प्रोजेक्ट में इन्होंने अपनी ड्यूटी सही तरीके से नहीं निभाई।
इस सरकारी प्रोग्राम में सभी छह शिक्षकों का रवैया उदासीन रहा। इसलिए क्यों न आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। दो दिन के भीतर इन आरोपों पर जवाब दायर करने का मौका दिया जाता है, अगर जवाब नहीं आया तो समक्ष लिया जाएगा की शिक्षक आरोपों को लेकर कुछ नहीं कहना चाहते।