कंट्रोल रूम से हमले की सूचना मिलने पर गांव गहरी बारा सिंह पहुंची थाना कोटफत्ता की पुलिस टीम पर सोमवार की देर रात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने अपनी और साथी पुलिसकर्मियों की जान बचाने के लिए सरकारी हथियार से तीन हवाई फायर किए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
थाना कोटफत्ता पुलिस ने गांव गहरी बारा सिंह के पूर्व सरपंच गुरजीत सिंह, उसके बेटे संदीप सिंह, पंच जगप्रीत सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनजीत कौर समेत कुल 35 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि गांव गहरी बारा सिंह निवासी हरविंदर सिंह ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि गांव के 30-35 लोग लाठियां लेकर उसके गेट पर तोड़फोड़ कर रहे और उसे जान से मारने के लिए ललकार रहे हैं। एसआई ने बताया कि सूचना मिलते ही वो थाने के एएसआई व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे।
गांव की फिरनी पर 30-35 लोग खडे़ थे, जिसमें कुछ महिलाएं भी थीं। एसआई ने बताया कि जब उन्होंने गाड़ी के लाउडस्पीकर से कर्फ्यू लगे होने की बात कही तो लोगों ने पुलिस पार्टी पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
गांव के पूर्व सरपंच गुरजीत सिंह व उसके बेटे संदीप सिंह, पंच जगप्रीत सिंह ने अपने साथियों समेत एएसआई परमजीत सिंह के साथ हाथापाई की और वर्दी फाड़ दी। इस पर उन्होंने अपने बचाव में अपने गनमैन से राइफल लेकर तीन हवाई फायर किए। एसआई ने बताया कि हवाई फायर करने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले 20 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि 15 अज्ञात लोगों की पहचान के प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि जिन आरोपियों की पहचान हो चुकी उनके समेत कुल 35 लोगों के खिलाफ थाना कोटफत्ता में केस दर्जकर मंगलवार को दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।