दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के जलसे में हिस्सा लेने के बाद पंजाब में छिपे जमातियों को राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 24 घंटे की आखिरी मोहलत दी है। विभाग ने यह अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि वे खुद ही नजदीक के थाने में रिपोर्ट करें या फिर आपराधिक मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार रहें।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में छिपे ऐसे जमातियों को अगले 24 घंटे में कोविड-19 की स्क्रीनिंग के लिए पेश होना चाहिए। निजामुद्दीन से पंजाब में पहुंचे 467 जमातियों में से पुलिस ने अब तक 445 लोगों का पता लगा लिया है जबकि 22 की तलाश जारी है। इनमें से 350 के सैंपल लिए गए थे। इनमें 12 पॉजिटिव और 111 निगेटिव पाए गए हैं। बाकी 227 के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि तब्लीगी जमात का मरकज कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों के हॉटस्पॉट के तौर पर सामने आया है।