पंजाब में कोरोना वैक्सीन की कमी होने लगी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि वर्तमान में 85 से 90 हजार लोगों को एक दिन में टीकाकरण हो रहा है। इस हिसाब से केवल 5 दिन (5.7 लाख कोविड वैक्सीन खुराक) बची है। यदि राज्य को एक दिन में दो लाख लोगों को टीका लगाने का अपना लक्ष्य पूरा करना है तो यह स्टॉक केवल तीन दिन ही चलेगा। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र से आग्रह किया है कि राज्यों के लिए वैक्सीन की फ्रेश सप्लाई जारी की जाए। कैप्टन ने कहा कि उन्होंने वैक्सीन की सप्लाई को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखे हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा कांग्रेस शासित राज्यों में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए बुलाई गई मुख्यमंत्रियों की बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि धीमी शुरुआत के बावजूद पंजाब में अब तक 16 लाख लोगों का कोविड टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य में हर रोज 85 से 90 हजार तक लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। इस बैठक में राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया।