मनतेज मान स्टेट वर्सेस गैंगस्टर फिल्म में अभिनय कर चुके हैं। अंकुश कपूर और मनतेज के संबंध पुराने बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच नशे के कारोबार में सांझ कब हुई, अब तक मनतेज को कुल कितनी रकम दी जा चुकी है, मनतेज ने इस राशि को कहां खर्च किया है, एसटीएफ इस पर भी जांच कर रही है।
यह भी पता चला है कि पंजाब में बैन की गई फिल्म 'शूटर' से प्रोत्साहित होकर मनतेज भी इस तरह की एक फिल्म का निर्माण करना चाहता था। मनतेज के संबंध सिमरन संधू के साथ भी रहे हैं। संधू पर 300 किलोग्राम हेरोइन की खेप समंदर के रास्ते पाकिस्तान से मंगवाने का आरोप है। गुजरात पुलिस ने इंटरपोल की मदद से संधू को इटली से अरेस्ट किया है। संधू के वतन आने के बाद भी इस मामले में कई खुलासे होंगे।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले की जांच में शामिल ईडी ने भी मनतेज की गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के बैंक खातों और जायदादों को खंगालना शुरू कर दिया है। अंकुश कपूर इस नशे के कारोबार में 2015 में शामिल हुआ था। पॉश एरिया में कपडे़ का शोरूम चलाने वाला अंकुश कपूर कारोबार ठंडा होने के बाद इस धंधे में उतरा था।
वहीं जिस कोठी में नशे की फैक्ट्री चलती थी, उसका मालिक शिअद नेता अनवर मसीह एसटीएफ की जांच में शामिल हो चुका है। एसटीएफ की जांच में एक अन्य आरोपी साहिल शर्मा के पिता कांग्रेसी पार्षद प्रदीप शर्मा ने भी अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। जबकि साहिल शर्मा अभी तक फरार है।