चंडीगढ़। नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में कार्रवाई न करने पर जिला अदालत ने इंडस्ट्रियल एरिया थाने के एसएचओ से 8 फरवरी तक स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। दरअसल, पीड़िता और उसकी मां ने सोमवार को जिला अदालत में एक याचिका लगाई थी। पीड़िता ने याचिका में दड़वा चौकी प्रभारी परमिंदर सिंह और छेड़छाड़ के आरोपी देवनाथ समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
आरोपी देवनाथ पीड़िता के साथ कई महीनों से छेड़छाड़ कर रहा था। इसे लेकर पीड़िता ने कई बार चौकी इंचार्ज को शिकायत दी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। चौकी इंचार्ज ने आरोपियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को धमकाते हुए उन पर समझौता करने के लिए दबाव भी बनाया। उसके बाद पीड़िता ने इंडस्ट्रियल एरिया थाने में शिकायत दी। पुलिस ने उसके बयान तो दर्ज कर लिए, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता और उसकी मां ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत याचिका दायर कर देवनाथ, परमिंदर सिंह व 4 अन्य आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। पीड़िता ने याचिका में उल्लेख किया है कि आरोपी देवनाथ ने शारीरिक छेड़छाड़ करने के साथ उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकियां भी दी हैं। लड़की ने तंग आकर खुदकुशी करने की भी कोशिश की, लेकिन इतना कुछ होने के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज करने की बजाय आरोपी का साथ देती रही है।