20वें सिस्टर अल्बर्टा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए दो मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित सेंट एन्स क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे 20वें सिस्टर अल्बर्टा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सेंट जॉन्स स्कूल सेक्टर-26 ने एकसिप्स सेक्टर-41 को आठ विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में सेंट सोल्जर स्कूल ने देव समाज स्कूल को 30 रन से शिकस्त दी।
पहले मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी एकसिप्स की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 118 रन बनाए। हरकन ने 41 और समर ने 29 रन बनाए। सेंट जॉन्स की ओर से रणवीर ने तीन और आरव सैनी ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट जॉन्स की टीम ने 12.2 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। वंशराज ने नाबाद 55 और रणवीर ने 33 रन बनाए।
दूसरे मुकाबले में सेंट सोल्जर स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 130 रन बनाए। प्रणव ने 60 और हरनूर ने 21 रन का योगदान दिया। देव समाज की ओर से सुखदेव ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में देव समाज की टीम 20 ओवर में 100 रन पर सिमट गई। वंश शर्मा ने 34 और वंश बाजवा ने 27 रन बनाए। सेंट सोल्जर के वंश ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
बॉक्स : बल्लेबाजी और गेंदबाजी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
दोनों मुकाबलों में कई खिलाड़ियों का प्रदर्शन आकर्षण रहा। सेंट जॉन्स के रणवीर ने 33 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए। वहीं, सेंट सोल्जर के प्रणव ने 60 रन की पारी खेली और गेंदबाज वंश ने सात रन देकर तीन विकेट झटके। अहिल ने भी दो विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।