नवनियुक्त एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने चार माह पहले शुरू किए गए केस का स्टेटस जानने के अभियान सराहना की है।
एसएसपी गिल ने शनिवार को शहर के सेक्टर-26, 17 और 34 के पुलिस थानों में जानकर अभियान का जायजा लिया। जब एसएसपी सेक्टर-26 के पुलिस थाने में पहुंचे तो सिर्फ दो ही लोग अपने केस का स्टेटस जानने पहुंचे।
शनिवार को 96 लोग शहर के 11 थानों में अपने केस और शिकायतों का स्टेटस जानने पहुंचे। पिछले माह भी स्टेटस जानने आए लोगों का आंकड़ा 100 से नीचे था।
एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि यह अभियान काफी अच्छा है। इससे पुलिस व लोगों के बीच तालमेल भी बनता है और पुलिस भी जांच में तेजी लाती है।
कम लोगों के आने के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि इस ओर जल्द ध्यान दिया जाएगा और लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डीएसपी ईस्ट विजय कुमार, डीएसपी रोशन लाल, डीएसपी आशीष कपूर, डीएसपी साउथ एसएस मलिक भी उनके साथ थे। हर माह के दूसरे शनिवार को हर पुलिस थाने में केस का स्टेटस अभियान चलाया जाता है।
इसमें थाना प्रभारी के अलावा डीएसपी स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहते हैं।
स्कोडा चालक को जमानत पर नाराजगी
शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कोडा की टक्कर से चार साल की बच्ची की मौत का मामला एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल के समक्ष भी उठा।
सेक्टर-26 पुलिस थाने में कांग्रेस कॉलोनी सेल के नेत्री माधुरी ने एसएसपी को 'अमर उजाला' में छपी खबर को दिखाते हुए कहा कि आरोपी चालक की जमानत नहीं होनी चाहिए थी।
माधुरी ने कार चालक को सख्त सजा देने की मांग की। मुआवजे के मुद्दे पर एसएसपी ने कहा कि अभिभावक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अलग से भी अदालत में अर्जी दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अभिभावकों की हर मदद करने को तैयार है।