नामी गायक, पूर्व कबड्डी खिलाड़ी और स्पोर्ट्स प्रमोटर केएस मक्खन शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। पार्टी सुप्रीमो सुखबीर बादल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि मक्खन का आना पार्टी के लिए यूथ को जोड़ने में लाभदायक होगा। मक्खन ने कहा कि उनका शिअद की नीतियों और लोक हितैषी विचारधारा में पूरा विश्वास है।
वह पार्टी के सच्चे सिपाही की तरह हर जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे। मक्खन ने साल 1998 में गायन के क्षेत्र में करिअर शुरू किया था और अनेकों हिट गीत गाए, जिनमें कुछ धार्मिक भी हैं। वह राज्यस्तरीय कबड्डी खिलाड़ी भी रहे हैं। इस मौके पर सिंचाई मंत्री शरनजीत सिंह ढिल्लों, पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह भी मौजूद थे।
चीमा बने मुख्य प्रवक्ता
शिरोमणि अकाली दल के सुप्रीमो व पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने प्रो. भूपिंदर सिंह चीमा को यूथ अकाली दल का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। शिअद प्रवक्ता डॉ. दलजीत चीमा ने बताया कि नगर काउंसिल पायल के प्रधान प्रो. चीमा यूअद में कई पदों पर रह चुके हैं और इस समय कोर कमेटी के मेंबर हैं।