हरियाणा के पहलवानों की बल्ले-बल्ले होगी। खेल मंत्री अनिल विज ने जीतने वाले को एक करोड़ का ईनाम देने की घोषणा की है। गुड़गांव में आगामी 23 मार्च को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में ‘भारत केसरी कुश्ती दंगल’ का आयोजन किया जाएगा।
इसमें प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कुश्ती से जुड़े खिलाड़ियों तथा अधिकारियों की बैठक में इसकी जानकारी दी।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से हर वर्ष इस तरह का आयोजन करवाया जाएगा, ताकि देश और प्रदेश में कुश्ती के प्रति उत्साह बना रहे। दंगल में न्यूनतम 17 वर्ष की आयु के खिलाड़ी भाग लें सकेंगे, जिनका न्यूनतम भार 80 किलोग्राम हो।
इसमें रेलवे, विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी, पुलिस विभाग, ऑल इंडिया सर्विसेज के अलावा विभिन्न प्रदेशों के राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे। हालांकि उनकी भागेदारी व्यक्तिगत तौर पर मानी जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन ओलंपिक के नियमों के अनुसार किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने शहीदों को सम्मान देने के लिए ऐसे आयोजन करने का निर्णय लिया है। दुनिया में हरियाणा, कुश्ती का ऐसा हब है, जहां के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्टीय स्तर पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
इस आयोजन से देश व प्रदेश के कुश्ती खिलाड़ियों को न केवल आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि हरियाणा में खेलों का माहौल भी तैयार होगा। इसके लिए 10 से 29 फरवरी तक आवेदन जमा करवाए जा सकेंगे।