अब कश्मीर के नौजवान आतंकियों के हाथों का खिलौना नहीं बनेंगे। इसके लिए साई बड़ा कदम उठाने जा रहा है।
दरअसल, साई युवाओं को खेलों की तरफ मोड़ेगा। जम्मू कश्मीर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगा, ताकि युवा उनमें रुचि दिखाएं। इसके लिए साई ने पूरी योजना बन ली है और पहली बार खेलों के ट्रायल जम्मू में कराने का फैसला लिया गया है।
जम्मू की धरती पर पहली बार यह ट्रायल 9 से 11 नवंबर तक होगा। इसके पीछे मकसद है कि वहां के ऐसे युवाओं को नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी में लाया जा सके जो बेहतर कर सकते हैं।
पिछले ट्रायल में एक युवक आया तो सच पता चला
कश्मीरी युवक
साई की देश में इकलौती नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी रोहतक में एक महीने पहले जूनियर बॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के कैंप के लिए ट्रायल रखा गया था। इसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के बॉक्सरों को बुलाया गया था।
हालांकि इसमें जम्मू-कश्मीर से केवल एक ही बॉक्सर पहुंचा था और वह भी हिसार का रहने वाला था जो वहां से खेलता है। तब साई को पता चला कि जम्मू-कश्मीर में बिगड़ते हालातों के कारण युवा खेलों में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के युवाओं को बरगलाया जा रहा है और उनको सेना का विरोध करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसे देखते हुए साई ने पहली बार खेलों के ट्रायल जम्मू-कश्मीर में कराने का फैसला लिया।
9 से 11 नवंबर तक जम्मू कश्मीर में होंगे ट्रायल
कश्मीरी युवक
नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी के सीओओ सतीश कुमार सरहदी ने बताया कि पहली बार जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में बॉक्सिंग का ट्रायल 9-11 नवंबर तक होगा। इसके लिए खुद उनको ही जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे वह युवाओं को खेलों के लिए आगे लाएं।
सतीश सरहदी कहते हैं कि उस ट्रायल में जम्मू, कश्मीर, लेह लद्दाख, कारगिल, श्रीनगर सभी जगह के युवाओं को बुलाया गया है। यहां उनको ट्रायल के साथ ही खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्हें बताया जाएगा कि खेलों के सहारे किस तरह वह अपनी और परिवार की जिंदगी को संवार सकते हैं। युवाओं की सोच बदलने से जम्मू-कश्मीर में अमन और शांति लौट सकती है।