गुरु गोबिंद सिंह का 350वें प्रकाशोत्सव समारोह 22 से 25 दिसंबर तक बिहार के पटना साहिब में आयोजित होगा। इसके लिए स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल जारी हुआ है। राज्य सरकार की ओर से समारोह में जाने के संबंध में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क व्यवस्था की गई है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक समीर पाल सरो ने प्रदेश भर के अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि बिहार के पटना साहिब के लिए 22 दिसंबर को श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए दो विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी। आने-जाने के अलावा वहां ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जाएगी। महेंद्रगढ़ जिले से इस समारोह में जाने वाले श्रद्धालु 19 दिसंबर तक उपायुक्त कार्यालय में अपना आवेदन जमा करा सकते हैं। इस जिले से 140 श्रद्धालुओं को ले जाने की व्यवस्था की गई है।
समारोह में हरियाणा के श्रद्धालुओं की भी विशेष भागीदारी रहे इसी के मद्देनजर सरकार की तरफ से श्रद्धालुओं को पटना साहिब में आयोजित होने वाले इस समारोह में शामिल करवाने के लिए पुख्ता तैयारियां की गई हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर जिले में इस काम के लिए एक कमेटी का गठन किया जाए। इस कमेटी के बनाने का मुख्य मकसद है कि श्रद्धालुओं का चयन पूरी तरह से पारदर्शी ढंग से हो।
उन्होंने बताया कि सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना साहिब के लिए 22 दिसंबर को अंबाला व सिरसा से दो विशेष रेलगाड़ियां चलाने की व्यवस्था की है। अंबाला रेलवे स्टेशन से 22 दिसंबर को पटना के लिए सुबह 10.30 बजे विशेष ट्रेन रवाना होगी जो वाया कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत व दिल्ली होते हुए पटना 23 दिसंबर को दोपहर 3 बजे पहुंचेंगी। इसी प्रकार सिरसा रेलवे स्टेशन से भी 22 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे विशेष ट्रेन वाया हिसार, भिवानी, रोहतक और दिल्ली होते हुए पटना 23 दिसंबर को सांय 5 बजे पहुंचेगी।