डेरा सच्चा सौदा में कई जगह से आए 21 लोग लापता हैं। सिरसा पुलिस ने इन लोगों की खोज के लिए डीएसपी हेड क्वार्टर विजय कक्कड़ के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित कर दी है। 25 अगस्त की हिंसा के बाद से ही हरियाणा समेत कई राज्यों से लोग सिरसा पुलिस के पास आ रहे हैं।
अब तक ऐेसे 21 परिवार पुलिस से संपर्क कर चुके हैं, जिनका कहना है कि उनके अपने डेरा सच्चा सौदा में आकर लापता हो गए हैं। लापता लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी का कहना है कि 25 अगस्त की हिंसा के बाद दो लापता बच्चे पुलिस को मिले थे। उन्हें उनके अपनों के हवाले करने के बाद 21 और शिकायतें आ चुकी हैं।
पढ़ें:- डीजीपी बोले- बाबा गिरफ्त में आ गया तो हनीप्रीत भी आ जाएगी, हिंसा में शामिल बख्शे नहीं जाएंगे
पुलिस गंभीरता से इसकी जांच कर रही है। स्पेशल टीम का गठन कर दिया गया है जो लापता लोगों की खोज में जुटी हुई है। लापता महिलाओं में फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर की वीना कुमारी भी शामिल हैं। वीना के पति अनिल ठकराल ने सिरसा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी वीना 26 अगस्त को बिना बताए घर से कहीं चली गई थी।
उसकी पत्नी की डेरा सच्चा सौदा में गहरी आस्था रही है। काफी तलाश के बाद भी वीना का कहीं भी पता नहीं चला। इसलिए वीना की तलाश कर उसके बारे में जो सूचना मिले सूचित किया जाए।