हरियाणा रोडवेज की बस में जबरदस्त धमाका, कई यात्री घायल
- फोटो : अमर उजाला
कुरुक्षेत्र के पास पिपली में हरियाणा रोडवेज की बस में धमाके की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। रोडवेज की बस में लो-इंटेसिटी बम के धमाके ने एक बार फिर जीटी रोड पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुरक्षा को शक के घेरे में ला दिया है। इसी साल पानीपत रेलवे स्टेशन पर लो इंटेसिटी के धमाकों को बाद इस बार अपराधियों ने बस यात्रियों को निशाना बनाया।
पुलिस के मुताबिक धमाके लिए कम तीव्रता(लो-इंटेसिटी) के देसी बम का इस्तेमाल किया गया, लेकिन सूत्रों ने आईईडी होने की आशंका जताई है। पुलिस इस बात की भी छानबीन में जुटी है कि आखिरकार विस्फोटक लेकर यात्री कहां सवार हुआ और उसका क्या मकसद था। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए।
हरियाणा पुलिस के डीजीपी के.पी. सिंह ने इस बम धमाके के बारे में बताया कि डीजी क्राइम शत्रुजीत कपूर के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी गई है। इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन शुरू कर दी गई है।
हालांकि पुलिस ने धमाके के पीछे किसी बड़े हमले की साजिश से इंकार करते हुए बताया है कि यह देसी बम था, जिसकी तीव्रता कम थी। बावजूद इसके पुलिस इस मामले की तहकीकात करेगी कि आखिरकार किस मकसद से यह धमाका किया गया।
इसी साल पानीपत रेलवे स्टेशन पर हो चुके हैं दो बार धमाके
-जनवरी में पानीपत स्टेशन पर रुकी खड़ी पैसेंजर ट्रेन में धमाका हुआ था। इस मामले की छानबीन के लिए एनआईए की टीम भी पहुंची थी।
-दो हफ्ते पहले भी पानीपत में एक पैसेंजर ट्रेन में धमाका हुआ था, जिसकी छानबीन चल रही है।