एक्टिंग चीफ जस्टिस एसजे वजीफदार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की महिला वकीलों के लिए विशेष सुविधा का ऐलान किया है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को हाईकोर्ट के आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बार रूम में महिला वकीलों के लिए अलग जजमेंट सेक्शन बनाने और नया फर्नीचर मुहैया कराने की बात कही।
जस्टिस वजीफदार कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके नए मोबाइल ऐप की लांचिंग भी की।
ऐप के बारे में उन्होंने कहा कि इससे वकीलों में आपसी तालमेल में और आसान होगा। इस ऐप से वकील अन्य वकीलों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। यह अन्य कानूनी जानकारियां मुहैया कराने में भी मददगार साबित होगा।
कार्यक्रम में हाईकोर्ट की महिला जजों, चंडीगढ़ की मेयर पूनम शर्मा और पंजाब की एनआरआई मामलों की आईजी गुरप्रीत देयो ने विशेष तौर पर शिरकत की।
इस मौके पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की संयुक्त सचिव समनजीत कौर व एडवोकेट रीता कोहली ने हाईकोर्ट की महिला वकीलों के संबंध में कई मुद्दे उठाए।
कार्यक्रम में बार के अध्यक्ष डाक्टर अनमोल रत्न सिंह सिद्धू व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अंत में बार के सचिव सौरव खुराना ने अतिथियों का धन्यवाद किया।