कुछ दिन पहले ही नया गांव के आदर्शनगर ब्लॉक 12 में लगे ट्रांसफार्मर में लगातार स्पार्किंग की शिकायतें आ रही हैं। अधिकारियों को बार-बार इस बारे में बताया जा रहा है लेकिन वह ध्यान नहीं दे रहे हैं। यहां के निवासी विकेश भारद्वाज ने अमर उजाला को बताया कि जब से ट्रांसफार्मर लगा है तभी से इसमें स्पार्किंग हो रही है। पास ही मकान होने के कारण हादसे की आशंका भी बनी हुई है। बुधवार को भी इसमें तेज आग निकल रही थीं।
उन्होंने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय लाइनमैन को दी लेकिन उन्होंने इस पर गौर नहीं किया। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी जेई को दी। लेकिन उन्होंने भी यह कहकर टाल दिया कि वीरवार को इसकी जांच करेंगे। विकेश का कहना है कि अधिकारियों और स्थानीय नेताओं में इस बात की होड़ मची है कि उन्होंने इलाके में बड़ा ट्रांसफार्मर लगवा दिया है। जबकि जनता की समस्याओं की तरफ उनका जरा भी ध्यान नहीं है। अगर यह ट्रांसफार्मर जल गया तो सरकार का नुकसान तो होगा ही, लोगों को इस गर्मी में कई दिनों तक बिना बिजली के दोबारा परेशान होना पड़ेगा। बता दें कि कुछ दिन पहले ही इस इलाके में ट्रांसफार्मर जल गया था। जिस कारण लोगों को 3 से 4 दिन तक बिजली की समस्या से जूझना पड़ा था।