इस बार विश्व कबड्डी कप के तीन मैच 13 दिसंबर को सुल्तानपुर लोधी के गुरु नानक देव स्टेडियम में होंगे। ये जानकारी डीसी कपूरथला दलजीत सिंह मांगट ने गुरु नानक खालसा कॉलेज में प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटियां लगाते हुए दी।
डीसी ने बताया कि बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के आने से व्हीकल पार्किंग, दर्शक दीर्घा में सीटों के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। पहला मैच दोपहर बारह बजे स्पेन व ईरान की टीमों के बीच होगा। दूसरा मैच भारत व डेनमार्क की लड़कियों के बीच और तीसरा मैच भारत व यूएसए की लड़कियों के दरम्यान होगा।
उन्होंने अधिकारियों से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी व लगन से ड्यूटी निभाने की ताकीद की। बैठक में एसडीएम कपूरथला परमजीत सिंह, एसडीएम सुल्तानपुर लोधी रुबिंदरजीत सिंह बराड़, इंजी. स्वर्ण सिंह, प्रिंसिपल सुखविंदर सिंह रंधावा, डीटीओ तेजिंदरपाल सिंह, मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी डा. मनोहर सिंह, कर्नल अमरबीर सिंह चाहल, सहायक डायरेक्टर बागवानी कुलविंदर सिंह मौजूद थे।