जल्द ही एप के साथ फोन से भी कैब बुक करवाई जा सकेगी। शहर में अपनी सेवाएं दे रही उबर कैब इसकी शुरुआत करने जा रही है। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो एप का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं।
उबर के जनरल मैनेजर नीतिश भूषण ने चंडीगढ़ पहुंचने पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उबर ऐसे कई नए फीचर्स पर काम कर रही है। इससे लोगों को सीधा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक को कम करने के लिए वह उबर पूल सिस्टम भी शुरू करने जा रही है, जिसमें एक ही जगह जाने वाले लोग पूल सिस्टम की मदद से एक ही कैब में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे किराया तो आधा होगा ही सड़कों पर गाड़ियां भी कम होंगी और लोगों का बजट बचेगा।