चंडीगढ़। सेक्टर 37 में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के गले से डेढ़ तोले सोने की चेन छीनकर झपटमार फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। इंजीनियर के गले पर चेन रगड़ने के निशान भी पड़ गए हैं।
वारदात शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे की है। सेक्टर-37 निवासी अनूप शर्मा (48) ने बताया कि वह सेक्टर-40 स्थित एक कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। सुबह करीब 5.30 बजे पार्क में सैर करने निकले। करीब डेढ़ घंटे बाद अपने दो साथियों के साथ घर लौट रहे थे। सेक्टर-37 में मकान नंबर 462 के पास पहुंचे तो पीछे से दौड़ता हुआ आया एक युवक उनके गले से डेढ़ तोले की सोने की चेन झपटकर दूसरे साथी के साथ काले रंग की बाइक पर फरार हो गया। मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस जांच में दो स्नैचर सीसीटीवी कैमरे में कैद थे। आरोपियों ने पहले अनूप शर्मा पर काफी देर नजर बनाए रखी और फिर उनका पीछा कर मौका मिलते ही गले से चेन झपट ली। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अनूप के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ आईपीसी 379ए और 356 के तहत मामला दर्ज किया। वहीं, पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
गेम खेल रहे किशोर से झपटा मोबाइल
वीरवार रात करीब 10 बजे घर के बाहर गेम खेल रहे किशोर से बाइक सवार मोबाइल छीन ले गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज के बावजूद पुलिस फेल
बता दें कि बीते जून महीने से अब तक करीब 20 स्नैचिंग की वारदात हो चुकी है। इनमें करीब 8 सोने की चेन झपटी गई है। ज्यादातर मामलों में सुबह-शाम सैर करने वालों को निशाना बनाया है। कई मामलों में पुलिस को बाइक सवार आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज भी बरामद हुई है, लेकिन हैरानी की बात है कि करीब दो महीनों से नाक में दम करने वाले इन झपटमारों की पहचान करने में पुलिस नाकामयाब रही है।
पुलिस की सुरक्षा पर सवाल
शहर में 60 के करीब पुलिस पीसीआर और 50 चीता स्क्वॉड हैं। हैरानी की बात है कि दिन-रात पेट्रोलिंग का दावा करने वाली पुलिस पीसीआर फेल साबित हुई है। क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन विंग समेत अन्य विंग की पुलिस टीम भी मुस्तैद रहती है। इसके बावजूद पुलिस सुबह शाम सैर करने वाले लोगों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है।
दूसरे राज्यों में फरार होते हैं झपटमार
पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों का मानना है कि आरोपी ज्यादातर उन जगहों पर वारदात को अंजाम देते हैं, जहां पर झपटमारी की वारदात कर आसानी से फरार हुआ जा सकता है। पंजाब और हरियाणा से लगते बार्डर की वजह से बाइक सवार झपटमार वारदात को अंजाम देकर आसानी ने दूसरे राज्यों में फरार हो जाते हैं।
पकड़ा था गैंग, फिर भी नहीं रुकी वारदात
बता दें कि बीते महीने क्राइम ब्रांच और सेक्टर-34 थाना पुलिस ने स्नैचर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की थी। जनवरी से अब तक करीब 56 झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है। आरोपियों के गिरफ्त में आने से पुलिस ने कई वारदात को सुलझाया भी है।
इन सेक्टरों से चेन स्नैचिंग
1. 6 अगस्त को सेक्टर-19 में बाइक सवारों ने घर के बाहर बैठी महिला से चेन झपटी
2. 6 अगस्त को सेक्टर-46 से काम से जा रही महिला से चेन झपटने की कोशिश
2. 26 जून को सैर कर रही सेक्टर-15 निवासी महिला से बाइक सवारों ने झपटी चेन
4. 25 जून को सेक्टर-47 से बाइक सवार झपटमारों ने सैर करने वाली महिला से चेन छीनी
5. 24 जुलाई को सेक्टर-42बी से बाइक सवारों ने सैर कर रही महिला के गले से चेच उड़ाई
6. 27 जुलाई को सेक्टर-15 से बाइक सवार ने महिला से झपटी चेन
7. 28 जुलाई को सेक्टर-21 में सैर कर रही महिला से चेन झपटी
कब कितनी हुई झपटमारी
जनवरी 7 फरवरी 10 मार्च 6 अप्रैल 5 मई 7 जून 6 जुलाई 9 अगस्त 6