शहर के अलग-अलग सेक्टरों में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने छह घंटे में शनिवार रात तीन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया।
एक के बाद एक स्नैचिंग होने पर पुलिस रहकत में आई और शहर में नाकेबंदी की, लेकिन शातिर स्नैचर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने स्नैचिंग का मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी।
पहली घटना मनीमाजरा में हुई। मनीमाजरा स्थित सुभाष नगर के सुमित ने पुलिस को शिकायत दी कि शनिवार रात को वह घर की तरफ जा रहा था। इंदिरा कालोनी स्थित रेलवे फाटक के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए और उसके हाथ से लैपटाप छीनकर भाग गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। मनीमाजरा थाना पुलिस ने पहुंचकर छानबीन के बाद नाके लगवाए। दूसरी स्नैचिंग की वारदात मोहाली बैरियर के पास हुई।
लाल रंग की पल्सर मोटरसाकिल सवार दो युवकों ने मोहाली के नए बैरियर के पास युवक से 1500 नगदी और मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। युवक ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सेक्टर 34 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। तीसरी वारदात किसान भवन चौक के पास हुई। धनास निवासी मोहन लाल ने पुलिस को बताया कि वह रात को साइकिल से घर जा रहा था।
किसान भवन के चौक के पास पांच युवक आए और उससे तीन हजार नगदी व मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। मोहन लाल ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने पहुंचकर मोहनलाल के बयान दर्ज किए। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस स्नैचराें की तलाश कर रही है।