भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष सविता तनेजा को थप्पड़ मारने के मामले में चांदनी बाग थाना पुलिस ने भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं उद्यमी सुरेंद्र रेवड़ी और विजय सहगल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला दिनभर शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अश्विनी चोपड़ा के गोहाना मोड़ स्थित चुनाव कार्यालय में एक अप्रैल को भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सविता तनेजा के साथ मारपीट करने और उन्हें चोट पहुंचाने का मामला सामने आया था।
इस मारपीट में सविता तनेजा की आंख में लगा लेंस टूट गया था और वह कई दिनों तक पीजीआई रोहतक में भर्ती रही थीं। अब इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी और विजय सहगल पर मुकदमा दर्ज किया है।
चांदनी बाग थाना पुलिस का कहना है कि सविता तनेजा ने पुलिस को लिखित में शिकायत दी है और साथ में मेडिकल कागजात भी पेश किए हैं। इसके आधार पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, घटना के दौरान सविता के साथ मौजूद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी महक दिवान का कहना है कि उन्हें पार्टी से निकालने की अफवाह उड़ाई जा रही है।
उन्हें न तो पार्टी से निकाला गया है और न ही कोई नोटिस मिला है। वैसे भी जिलाध्यक्ष को यह अधिकार नहीं है कि वह प्रदेश स्तर के किसी पदाधिकारी को निकाल सके।
उन्होंने कहा कि वह इस मामले में प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा और महिला मोर्चा की प्रतिभा सुमन से बातचीत कर चुकी हैं, किसी ने भी उन्हें पार्टी से निकालने जैसी कोई बात नहीं कही है।
झूठे मामले में फंसाया: रेवड़ी
इस मामले में आरोपी उद्यमी एवं भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी ने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना वाले दिन इस मामले की जानकारी आला पदाधिकारियों तक पहुंचा दी गई थी। मामले की जांच में सब साफ हो जाएगा।