नगर निगम शहर में छह नए कम्युनिटी सेंटर बनाने जा रहा है। इनका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस साल के आखिर तक ये कम्युनिटी सेंटर जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। इस समय शहर में 38 कम्युनिटी सेंटर हैं।
ये नए कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-15, 18, 19, 40, 41, और 42 में बनाए जा रहे हैं। इन सभी कम्युनिटी सेंटर्स को एयरकंडीशंड बनाया जा रहा है। इनमें एसी हॉल के अलावा कमरे, लॉन्ज, मीटिंग रूम और जिम आदि की सुविधा दी जाएगी। इनमें इनडोर गेम्स भी होंगे।
कितनी आएगी लागत
सेक्टर-15 के कम्युनिटी सेंटर को दो करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है। सेक्टर-18 के कम्युनिटी सेंटर पर 1.46 करोड़ और सेक्टर-19 पर 1.76 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। सेक्टर-41 और 42 के कम्युनिटी सेंटर को 29 लाख और 42 लाख रुपये से अपग्रेड किया जा रहा है।
सेक्टर-40 में बन रहे कम्युनिटी सेंटर पर भी दो करोड़ से ज्यादा की लागत आएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां सोलर प्लांट लगाया जाएगा। इसका काम पिछले साल नगर निगम की हाउस मीटिंग में पास हुआ था।
कम्युनिटी सेंटर के किराए
नगर निगम के अधीन एयर कंडीशंड कम्युनिटी सेंटर का किराया 11,636 रुपये है, जबकि नॉन एसी का किराया 5,818 रुपये लिया जाता है। किराए में सर्विस और लग्जरी टैक्स शामिल होता है। शहर के किसी भी ई-संपर्क सेंटर से इनकी बुकिंग करवाई जा सकती है।
कोट्स...
लोग काफी समय से सेक्टर-15 का कम्युनिटी सेंटर अपग्रेड करने की मांग कर रहे थे। इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। छह से सात महीने में यह बनकर तैयार हो जाएगा।
-सौरभ जोशी, भाजपा पार्षद।
कोट्स...
नगर निगम शहर में नए कम्युनिटी सेंटर बना रहा है, लेकिन जो बन चुके हैं, उनकी सही देखरेख नहीं हो रही है। पुराने कम्युनिटी सेंटर के रखरखाव पर भी ध्यान देना चाहिए।
-सुरिंदर शर्मा, प्रेसीडेंट,
रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-15
कोट्स...
सेक्टर-40 के कम्युनिटी सेंटर का निर्माण कार्य अक्टूबर में शुरू हुआ था। यह शहर का पहला कम्युनिटी सेंटर होगा, जिसमें सोलर प्लांट भी लगाया जा रहा है।
-गुरबख्श रावत, डिप्टी मेयर।