डेरे की चेयरपर्सन विपासना से आठ घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए सोमवार को बुलाया है। तीसरे नोटिस पर पूछताछ में शामिल हुई विपासना से दोबारा पूछताछ इसलिए होगी ताकि हनीप्रीत ने जितने भी खुलासे किए हैं, उन्हें पुख्ता किया जा सके।
इस दौरान पुलिस को मोबाइल, लैपटॉप सहित जो अहम दस्तावेज मिले हैं, उस बारे में अगर विपासना से जानकारी मिलती है तो दंगे सहित डेरे की अन्य गतिविधियों का भी खुलासा होगा। हालांकि बरामद मोबाइल और लैपटॉप के पासवर्ड पता न होने कारण विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
उधर, आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक हनीप्रीत का लैपटॉप सिरसा पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था, जिसकी जानकारी पंचकूला पुलिस को देरी से दी गई। हाल ही में पुलिस जब डेरे में पहुंची थी तो विपासना ने सिर्फ हनीप्रीत का मोबाइल ही दिया था। जबकि लैपटॉप पंचकूला पुलिस को नहीं मिला था।