बैंक में पैसे जमा कराने आई बुजुर्ग के 40 हजार उड़े
पैसे जमा कराने के लिए बैंक आई बुजुर्ग के साथ ऐसी घटना हो गई, जिसका उसे ताउम्र पछतावा होता रहेगा। घटना हरियाणा में सिरसा जिले के डबवाली की है। पंजाब नेशनल बैंक में पैसे जमा करने आई वृद्धा के 40 हजार रुपये चोरी हो गए। 75 वर्षीय वृद्धा इस राशि को अपने खाता में जमा करवाने आई थी।
वारदात उस समय हुई, जब बैंक खचाखच भरा हुआ था। बैंक की गार्द के साथ-साथ पुलिस तैनात थी। शहर थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी खंगाले जाएंगे।
डबवाली निवासी शीला देवी ने बुढ़ापा पेंशन के रूप में मिलने वाले 500-1000 के नोट से 40 हजार रुपये की राशि जुटाई थी। जब उन्हें पता चला कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उपरोक्त नोटों को बंद कर दिया है, तब से वह बेचैन थी। अपने बैंक खाता में इस राशि को जमा करवाने के लिए प्रयासरत थी।
बेटा बीमार था, इसलिए बुजुर्ग को आने पड़ा बैंक
विकास भवन स्थित यूनियन बैंक के बाहर रुपया निकालने के लिए जुटे लोग।
बुधवार को उनका बेटा रमेश कुमार बीमार था। ऐसे में बुजुर्ग महिला पैसा जमा करवाने के लिए पहले डाकघर पहुंची। वहां से उसे बताया गया कि पैसा पीएनबी में जमा होगा। पीएनबी में कतार के बीच खड़े होने के बाद जब उनकी बारी आई तो काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने पैसे गिना। 500-500 के नोट से पंद्रह हजार हुए, शेष 25 नोट एक-एक हजार के थे। कर्मचारी ने बुजुर्ग से आईडी मांगी।
आधार कार्ड आगे किया तो फोटो कॉपी लाने के लिए कहा। उपरोक्त नकदी भी पुन: वृद्धा को पकड़ा दी। प्लास्टिक के थैले में नकदी लेकर वृद्धा बैंक के बाहर लगी फोटो स्टेट से फोटो कॉपी निकलवा लाई। जब थैला खंगाला तो पैसे गायब मिले। थैले पर ब्लेड का निशान था। वृद्धा ने बैंक में शोर मचाया। लेकिन किसी ने उसकी सुनवाई नहीं की।
यहां तक की कि पुलिस मुलाजिम भी सहायता के लिए आगे नहीं आए। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी पीएनबी में गांव अलीकां के एक किसान के 52 हजार रुपये चोरी हो गए थे। पैसे चोरी करते हुए एक बच्चे की सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद पुलिस आज तक वारदात नहीं सुलझा पाई है।
सीसीटीवी फुटेज देखेंगे
बैंक में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। फुटेज देखकर वारदात की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
-सुखदेव सिंह, प्रभारी शहर थाना, डबवाली